बांके बिहारी के दर्शन को आयी महिला की मौत, वृंदावन में बांके बिहारी के दर्शन को आयी मुंबई निवासी महिला ने प्राण त्याग दिए। अचानक उनकी हालत बिगड़ी। माना जा रहा है कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा। वृंदावन के विश्व प्रसिद्ध श्रीबांकेबिहारी मंदिर में शनिवार को भीड़ के चलते एक महिला श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ गई। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। बता दें कि पिछले माह भी एक पुरुष की दर्शन के दौरान तबीयत बिगड़ी थी। वह भी भीड़ के कारण घबरा गया था। अस्पताल में उसकी भी मौत हो गई थी। ब्रज में होली का पर्व मनाने के लिए देश-दुनिया से हजारों श्रद्धालु पहुंचे हैं। वृंदावन के बांकेबिहारी मंदिर में प्रतिदिन भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। शनिवार को मुंबई की 60 वर्षीय मधु अग्रवाल भी अपने परिजनों के साथ ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन करने पहुंचीं। भीड़ के चलते उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उनको लेकर जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर ने बताया कि मृतका के साथ की महिलाओं ने जानकारी दी है कि मधु अग्रवाल पहले से कई रोगों से पीड़ित थीं। उनकी मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है। @Back To Home