दागी व ग्रेजुएट सबसे ज्यादा, पंजाब विधानसभा देश की पहली ऐसी विधानसभा बन गयी है जिसमें सबसे ज्यादा दागी, पढे लिखे ग्रेजुएट व करोड़ पति विधायक चुनकर पहुंचे हैं। इस बार की पंजाब विधानसभा सबसे युवा और पढ़ी-लिखी है। हालांकि दागी विधायकों की संख्या भी सबसे ज्यादा है। कुल 117 में से 58 विधायकों पर आपराधिक केस दर्ज हैं। इनमें 52 तो आम आदमी पार्टी के ही हैं। कुल 58 में से 27 ऐसे हैं जिन पर गंभीर आपराधिक केस दर्ज हैं। उनमें आप के 23, कांग्रेस-अकाली दल के दो-दो विधायक हैं। 2017 में सिर्फ 27 विधायकों पर आपराधिक मामला दर्ज था। उनमें भी सिर्फ 11 पर गंभीर मामले दर्ज थे लेकिन इस बार विधानसभा पहुंचे आधे सदस्यों पर केस दर्ज हैं।
- अजनाला से आप विधायक कुलदीप धालीवाल पर हत्या का केस है।
- जालंधर वेस्ट से आप विधायक शीतल अंगुराल पर सबसे ज्यादा नौ व खडूर साहिब से मनजिंदर सिंह पर पांच केस दर्ज हैं। इन पांच में से दो महिलाओं से अत्याचार से संबंधित है।
- प्रकाश सिंह बादल को हराने वाले गुरमीत खुड्डियां पर आर्म्स एक्ट व कांग्रेस के सुखपाल खैहरा पर मनी लांड्रिंग का केस है।
- लुधियाना वेस्ट से जीते दलजीत ग्रेवाल पर हत्या के प्रयास व महिला पर अत्याचार की धारा के तहत केस दर्ज हैं।
- मौजूदा विधानसभा में 87 विधायक (74 प्रतिशत)करोड़पति हैं, जबकि पिछली विधानसभा में यह गिनती 95 (81 प्रतिशत)थी। आम आदमी पार्टी यहां भी सबसे आगे है। उनके 63 विधायक करोड़पति हैं। कांग्रेस के 17, शिरोमणि अकाली दल के तीन, भाजपा के दो और बसपा के जीते एकमात्र विधायक की संपत्ति भी एक करोड़ से अधिक है। आम आदमी पार्टी के 92 विधायकों की औसत संपत्ति 7.52 करोड़ है।