सरधना का जवान जम्मू में जख्मी, मेरठ के सरधना का जवान विपिन इस वक्त जम्मू के 92 बेस सैन्य अस्पताल में जिंदगी-मौत की जंग लड़ रहा है। सरधना के नवादा गांव का रहने वाला विपिन जम्मू में राजपूत बटालियन में तैनात है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह विपिन बुरी तरह से घायल हुआ उसके बाद उसे सेना के अस्पताल में भर्ती किया गया है। जहां विपिन का इलाज चल रहा है।
2013 में सेना में भर्ती हुआ था विपिन
मेरठ के सरधना, नवादा गांव के विपिन सेना 16 जून 2013 को सेना की 44 आरआर राजपूत बटालियन में भर्ती हुए हैं। तभी से विपिन की ड्यूटी जम्मू में चल रही है। बताया जा रहा है कि विपिन अपनी टीम के साथ शुक्रवार सुबह किसी ऑपरेशन पर थे, उसी वक्त हादसा या मुठभेड़ क्या होगा इसकी क्लियर जानकारी नहीं मिल रही, लेकिन तभी विपिन घायल हुए।
विपिन के साथ के 3 फौजी शहीद
नवादा में विपिन के पिता रिचपाल सिंह ने बताया कि बेटे के घायल होने की सूचना मिली है। हेडक्वार्टर से ही हमें भी फोन आया कि बेटा घायल है और अस्पताल में क्रिटिकल कंडीशन में है। भगवान हमारे बेटे को सुरक्षित रखे। वो ऑपरेशन के दौरान घायल हुआ या मुठभेड़ में हमें अभी पता नहीं चल पाया है। लेकिन बेटे के साथ उस गाड़ी में तीन जवान और थे। राजस्थान के वो तीनों जवान मौके पर ही शहीद हो गए। किसी तरह बेटा तो बच गया लेकिन अभी भी जिंदगी से जूझ रहा है।